प्रतिबन्धित पॉलीथीन कैरी बैग्स के खिलाफ चलेगा अभियान व निर्माण एवं व्यापार करने वालों के खिलाफ होगी कार्यवाही- अतिरिक्त जिला कलक्टर

जयपुर(स्मार्ट समाचार) प्रतिबन्धित पॉलीथीन कैरी बैग्स के खिलाफ जयपुर जिले में सघन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान इन पॉलीथीन कैरी बैग्स का निर्माण करने वाली औद्यागिक इकाइयों एवं इनका बडे़ पैमाने पर भण्डारण, व्यापार करने वाले व्यापारियों के यहां कार्यवाही की जाएगी।


अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. इकबाल खान ने बताया कि पिछले कुछ माह पूर्व शहर में प्रतिबन्धित पॉलीथीन कैरी बैग्स पर नियंत्रण का प्रभाव नजर आ रहा था। लेकिन फिर से धीरे-धीरे हर छोटी-बड़ी दुकान पर पॉलीथीन की थैलियां नजर आने लगी हैं। पर्यावरण के लिए घातक इन थैलियों का इस्तेमाल रोका जाना जरूरी है।   जिला कलक्टे्रट में नगर निगम, जेडीए, जेवीवीएनएल समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पॉलिथीन कैरी बैग्स के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय करते हुए इसके लिए नगर निगम के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ  अशोक कुमार ने कहा कि इस अभियान का असर नजर आना चाहिए और समुचित संख्या में चालान भी बनाए जाने चाहिए। साथ ही पॉलिथीन कैरी बैग्स का उपयोग रोकने के लिए जन सामान्य में समझाइश किया जाना भी जरूरी है।